पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत श्रीनगर में सात से 13 अक्तूबर तक सहकारी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में समाज कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग को मेले में स्टॉल लगाकर दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी करने, सेवायोजन अधिकारी को रोजगार मेला लगाने, आयुष विभाग को प्रात: योग शिविर आयोजित करने करने को कहा। साथ ही संस्कृति एवं सहकारिता विभाग को स्थानीय कलाकारों एवं महिला मंगल दलों को मंच प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासंघ की ओर से वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष घोषित किया गया। जिसके तहत सहकारिता विभाग द्वारा सात से 13 अक्तूबर तक श्रीनगर में आवास विकास मैदान में सहकारी मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेले की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की करने को कहा। नगर आयुक्त श्रीनगर को मेले के दौरान साफ-सफाई एवं बायो टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. एसएम. शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक उपाध्याय, उप निबंधक सहकारिता पान सिंह राणा, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल आदि मौजूद रहे।