मलबा नहीं हटने से सुबह से शाम तक सिमड़ी में खड़ी रही बस
पर्वतीय क्षेत्रों में जगह जगह भूस्खलन होने से रद्द की गई पोखड़ा और गोपेश्वर की रोडवेज बस सेवा
कोटद्वार। बीरोंखाल से दिल्ली जा रही कोटद्वार डिपो की रोडवेज बस सिमड़ी में भूस्खलन क्षेत्र में फंस गई। बस के सामने दो जगहों पर पहाड़ से चट्टानें और काफी मात्रा में मलबा गिरा। किसी अनहोनी की आशंका से बस में सवार यात्री छटपटाते रहे। रास्ते से मलबा नहीं हटाए जाने से सुबह से शाम तक बस सिमड़ी में ही खड़ी रही।
कोटद्वार डिपो की रोडवेज बस बीरोंखाल से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बृहस्पतिवार सुबह बस सिमड़ी में पहुंची तो बस के सामने दो जगह मलबा, बोल्डर और भारी मात्रा में मलबा गिरा। सूचना कोटद्वार में एआरएम अनुराग पुरोहित को दी गई। एआरएम ने बताया कि भूस्खलन क्षेत्र में फंसी रोडवेज बस पर तैनात स्टाफ ने बताया कि सुबह पांच से शाम पांच बजे तक भी कोई जेसीबी व पोकलेन मार्ग से मलबा हटाने नहीं पहुंची जिससे रोडवेज बस सिमड़ी में ही खड़ी रही।
वहीं, पर्वतीय मार्गों पर जगह-जगह भूस्खलन होने की सूचना पर रोडवेज डिपो प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बृहस्पतिवार को कोटद्वार से पोखड़ा और गोपेश्वर के लिए रोडवेज बस का संचालन रद्द कर दिया। एआरएम ने बताया कि इसके अलावा दिल्ली से वाया कोटद्वार त्रिपालीसैंण पहुंची बस को वापस कोटद्वार लौटना था लेकिन हालात को देखते हुए बस को त्रिपालीसैंण में ही रोक दिया गया। रूट पर गईं अन्य बसों पर भी नजर बनी हुई है।