देवप्रयाग। देवप्रयाग नगर में बीते मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नृसिंहाचल पर्वत से भारी चट्टान बाहबाजार के घरों के निकट एक टिनशेड को तोड़ते हुए रास्ते पर आ गिरी। घटना के समय यहां किसी के मौजूद न होने से बड़ा हादसा होने से टल गया। बीते 13 जुलाई को भी यहां कई चट्टानें घरों के ऊपर आ गिरी थीं, जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए थे। चट्टानों के फिर से गिरने की आशंका से पूरी रात लोगों को नींद नहीं आई। सभासद विमल मिश्रा के अनुसार घटना से प्रशासन को सूचित किया गया है। उनके अनुसार नृसिंहाचल पर्वत पर कई चट्टानें अब गिरने की स्थिति में दिख रही हैं। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से बाह बाजार के इस हिस्से में रहने वाले परिवारों को समय रहते विस्थापित किया जाना जरूरी है। वहीं नृसिंहाचल पर ट्रीटमेंट भी शुरू किया जाना आवश्यक है।