पोखड़ा में ड्रोन से हुई गुलदार की खोज, शूटर बलवीर पंवार ने संभाला मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सतपुली। पोखड़ा के गुलदार प्रभावित बगड़ी गांव में लगे पिंजरों के पास गुलदार नहीं फटक रहा है। रविवार को ड्रोन से गुलदार की तलाश की गई। ड्रोन और कैमरा ट्रेप में भी गुलदार कहीं नजर नहीं आया। गुलदार के नरभक्षी घोषित होने के बाद शूटर बलवीर पंवार ने भी रविवार को प्रभावित गांव में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है।
रविवार को गश्त कर रहे वन कर्मियों और मौके पर तैनात ट्रेंकुलाइज टीम ने ड्रोन की सहायता से गुलदार की खोज की। गुलदार के हमले की घटना के बाद बगड़ी, बगड़ीगाड, बगड़ीधार, देवकुंडाई तल्ली, देवकुंडाई मल्ली समेत आसपास के गांवों में दहशत बनी हुई है। स्थिति यह है कि शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। महिलाएं खेतों में समूह में आवाजाही कर रही हैं।
पोखड़ा के रेंजर नक्षत्र शाह ने बताया कि अभी तक गुलदार कहीं नजर नहीं आया है। गुलदार की मूवमेंट ट्रेस करने के लिए गांव में लगे कैमरा ट्रैप के स्थान बदले जा रहे हैं। उधर, प्रभावित गांव के निकटवर्ती गांव घंडियाल में महिला पर हमले के बाद वन विभाग ने दमदेवल, पौड़ी, दीबा और थलीसैंण रेंज से भी वनकर्मी मौके पर तैनात किए हैं। 30 वनकर्मी अलग-अलग समूहों में गश्त कर रहे हैं। प्रभावित क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे और आठ कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं।
.
बेस अस्पताल में चल रहा उपचार
गुलदार के हमले में घायल पोखड़ा ब्लॉक के गांव घंडियाल निवासी महिला प्रभा देवी को राजकीय बेस अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। पीएमएस डॉ. विजय सिंह ने बताया कि उपचाराधीन महिला की स्थिति सामान्य है।
.
घास काट रही महिला को दिखा गुलदार
सतपुली। पोखड़ा ब्लॉक के गुलदार प्रभावित ग्राम पंचायत बगड़ीगाड के पूर्व प्रधान राकेश कुमार के अनुसार, शनिवार सायं निकटवर्ती गांव बगड़ीधार में घास काट रही मंजू देवी को एक गुलदार दिखाई दिया। उनके शोर मचाने पर कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिससे गुलदार भाग खड़ा हुआ।
पोखड़ा ब्लाॅक के गुलदार प्रभावित गांव घंडियाल मल्ला में गश्त के दौरान ग्रामीणों को जागरूक करते - फोटो : सांकेतिक