गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने जहां स्पेशल टीम गठित कर धरपकड़ अभियान शुरू किया है, वहीं क्राइम कंट्रोल की दृष्टि से शहर में छिपने वाले बाहरी लोगों पर भी पैनी निगाह रखी जा रही है। शहर के सबसे संवेदनशील लकड़ी पड़ाव में पुलिस को बड़ी संख्या में बिना सत्यापन के रह रहे बाहरी लोगों के बारे में शिकायत मिली है। बिना सत्यापन कराए किराएदार रखने वाले तीन मकान मालिकों पर पुलिस ने दस-दस हजार रुपये का जुर्माना ठोका है।
कोतवाल जसवीर सिंह पुंडीर की अगुवाई में सोमवार को पुलिस के सभी उपनिरीक्षक मय पुलिस फोर्स लकड़ी पड़ाव मोहल्ले में पहुंचे। यहां पुलिस ने करीब 48 किराएदारों के सत्यापन फार्म भरवाए। कई बार की हिदायत के बाद भी न चेतने वाले तीन भवन स्वामियों को दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए उनके चालान कोर्ट में भेज दिए गए। कोतवाल ने बताया कि कई लोगों के सत्यापन फार्म भरे गए। इस दौरान लोगों को सत्यापन के बारे में जागरूक भी किया गया। दो भवन स्वामियों मुजफ्फर अहमद और निसार के खिलाफ किराएदारों का सत्यापन न कराने पर दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। शिब्बूनगर में चोरी के आरोपी को बिना सत्यापन के अपने मकान में किराए पर रखने वाले भवन स्वामी पर भी दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सत्यापन अभियान के साथ ही पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर कोटद्वार नशा और नशेड़ियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान शुरू किया है, जिसके लिए पौड़ी से बारह जवानों की स्पेशल टीम यहां भेजी गई है। तीनों टीमों का नेतृत्व एक-एक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, ओमवीर सिंह और आनंद मेहरा कर रहे हैं।
नौ वाहन सीज, 123 के काटे चालान
दुगड्डा के चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि दुगड्डा पुलिस ने भी बाहरी लोगों के सत्यापन का काम शुरू कर दिया है। एमवी एक्ट के तहत जहां नौ वाहन सीज कर दिए गए हैं, वहीं 123 वाहनों के चालान काटे गए हैं। चालान से प्राप्त करीब उन्नीस हजार रुपये राजकोष में जमा कराए गए हैं।