कोटद्वार। नैनीडांडा ब्लॉक के ग्रामसभा कुनोड़ी के राजस्व ग्राम पांड के चौड़ियूं तोक के 10 परिवारों को जल्द पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। पेयजल लाइन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को करीब आधा किलोमीटर दूर पट्यलगाड रौले से सिर पर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। पेयजल निगम ने गांव का सर्वे पूरा कर लिया है और अब 300 मीटर पेयजल लाइन बिछाने के लिए विभागीय कार्रवाई गतिमान है।
ग्राम पांड सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद घनशाला, गिरीश घनशाला, चंद्रमणि और चंडी प्रसाद ने बताया कि अस्सी के दशक में पांड गांव के लिए स्थानीय रौले से पेयजल लाइन बिछाई गई थी। उस समय चौड़ियूं तोक में आबादी नहीं थी। बाद में गांव की आबादी का विस्तार होने पर 10 परिवार जंगलात रोड पर चौड़ियूं के पास रहने लगे। ईई अजय बेलवाल का कहना है कि ग्रामसभा की ओर से मिले प्रस्ताव पर पांड गांव से चौड़ियूं तोक तक 300 मीटर पेयजल लाइन विस्तार के लिए सर्वे पूरा कर लिया गया है। संवाद