जयहरीखाल। गढ़वाल क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित गढ़वाल क्रिकेट कप टूर्नामेंट में रविवार को तीन मैच खेले गए। इसमें हरिद्वार एवेंजर्स, डेडलाइन क्लब और लैंसडौन टाइगर ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर मैच जीते।
रविवार को जीआईसी जयहरीखाल के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता संपूर्ण सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान पहला मैच होली एकादश और हरिद्वार एवेंजर्स के बीच खेला गया। इसमें होली एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवरों में 112 रनों का लक्ष्य रखा। हरिद्वार एवेंजर्स की टीम ने महज 12 ओवरों में लक्ष्य प्राप्त कर जीत हासिल कर ली। टीम के राहुल को चार विकेट झटकने और 16 रनों का योगदान देेने के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया। दूसरे मैच में डेडलाइन ने दीपक इलेवन के सामने छह विकेट गंवाकर 154 रनों का लक्ष्य रखा, लेकिन दीपक इलेवन की पूरी टीम महज 80 रनों पर ही सिमट गई। डेडलाइन की टीम की ओर से राहुल ने 37, पंकज ने 35 व अमन ने 37 रन बनाए। तीसरे मैच में मस्कट इलेवन ने लैंसडौन टाइगर के सामने 83 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे लैंसडौन टाइगर ने मात्र 10 ओवरों में चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
-फोटो