कोटद्वार। जिला सहकारी बैंक ने जिलाधिकारी के निर्देश पर गृह ऋण न चुकाने पर विकासनगर गाड़ीघाट में एक भवन को सील कर लिया है। बैंक के अधिकारी, नायब तहसीलदार और पुलिस बल के साथ बृहस्पतिवार को विकासनगर गाड़ीघाट पहुंचे और एक मकान को सील कर उसका कब्जा लिया। प्रबंधक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंसूर खान ने बैंक से 10 लाख का होम लोन लिया था। निर्धारित समयावधि के बाद भी ऋण न चुकाने पर वसूली के लिए आरसी काटकर जिलाधिकारी गढ़वाल को भेजी गई थी। बताया कि बैंक एनपीए वसूली के लिए सख्त कदम उठाने जा रहा है। कहा कि संयुक्त देयता समूह (जीएटी) की वसूली के लिए भी बैंक कठोर कदम उठाने जा रहा है। टीम में शाखा प्रबंधक जेके सिंह, प्रवेंद्र सिंह गुसाईं, बृजमोहन सिंह रावत, बैंक के अधिवक्ता वीपीएस बिष्ट, नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत, सनेह चौकी प्रभारी अशोक सिरस्वाल शामिल रहे।