धुमाकोट। नैनीडांडा क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में पेयजल, विद्युत, लोनिवि, कृषि, वन, समाज कल्याण आदि के मुद्दे छाए रहे। बैठक में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर जनप्रतिनिधि भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी संतोष जेठी ने किया। बैठक में पेयजल संकट पर चर्चा की गई। इस पर विभागीय अधिकारियों को यथासंभव पेयजल आपूर्ति के लिए निर्देशित किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय गौड़ ने जंगलों में लग रही आग व उससे होने वाली हानि पर चिंता प्रकट की। पुलटंडा के प्रधान रामनिवास ने कृषि विभाग द्वारा वर्तमान में संचालित की जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी मांगी। यात्रा सीजन में क्षेत्र में बसों की कमी दूर करने तथा तहसील मुख्यालय से कोटद्वार-देहरादून के लिए बंद की गई रोडवेज बस सेवा को पुन: संचालित करने की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल ने अतिरिक्त भूमि संरक्षण वन प्रभाग द्वारा क्षेत्र के कई गांवों में जायका योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विभागीय अधिकारियों द्वारा पूरी जानकारी न दिए जाने पर नाराजगी प्रकट की। खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा निगम, उद्यान आदि विभागों के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में कनिष्ठ उप प्रमुख महेंद्र सिंह, प्रधान संगठन अध्यक्ष ललित पटवाल, बीडीओ संतोष जेठी, एडीओ पंचायत हरेंद्र सिंह, तहसीलदार तीरथ सिंह नेगी के अलावा सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इंसेट
क्षेत्र पंचायत निधि न मिलने से जनप्रतिनिधि नाराज
धुमाकोट। पिछले दो वर्ष से क्षेत्र पंचायत निधि न मिलने से क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदार तीरथ सिंह नेगी के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने तत्काल उनकी निधि मुहैया कराने की मांग की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल ने कहा कि वर्ष 2017-18 व 2018-19 की क्षेत पंचायत निधि न मिलने से क्षेत्र पंचायत सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।