कोटद्वार। नगर निगम की अधिसूचना और डीएम पौड़ी के पत्र का हवाला देते हुए दुगड्डा ब्लाक की खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने कोटद्वार भाबर में तैनात ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों (वीडीओ) को ग्राम पंचायत के अभिलेख (बस्ते) ब्लाक मुख्यालय में जमा करवाने के आदेश दिए हैं। बीडीओ के इस आदेेश पर कोटद्वार भाबर के प्रधान, बीडीसी सदस्य समेत जनप्रतिनिधि भड़के हुए हैं। जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों के भंग हुए बिना ही बस्ते जमा करवाने के आदेश को तुगलकी फरमान बताते हुए बीडीओ को पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।
गत आठ दिसंबर को शासन की ओर से नगर निगम बनाने की अधिसूचना जारी होने के बाद जहां जिला प्रशासन शासन की गाइडलाइन का इंतजार कर रहा है, वहीं शासन के निर्देशों का इंतजार किए बिना दुगड्डा की बीडीओ सुमन राणा ने आवास अनुभाग की अधिसूचना और डीएम पौड़ी के आदेशों का हवाला देते हुए नगर निगम में शामिल ग्राम पंचायतों के अभिलेख ब्लाक मुख्यालय में जमा करने के आदेश संबंधित वीडीओ को 12 दिसबंर को जारी किए हैं। बीडीओ के आदेश की भनक लगते ही ग्राम प्रधानों, उपप्रधानों, पंचायत सभासदों, बीडीसी सदस्य भड़क उठे। बुधवार शाम को जनप्रतिनिधियों ने देवीमंदिर तिराहे पर एकत्र होकर बीडीओ का पुतला दहन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि नगर निगम के विरोध और ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूरा न होने की दशा में ग्राम प्रधान समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतों को भंग किए बगैर नगर निगम की अधिसूचना जारी करना अपने आप में ही अधूरी है। अभी तक शासन की ओर से ग्राम पंचायतों को भंग नहीं किया गया है। प्रधानों ने सवाल उठाए कि न तो प्रधानों का कार्यकाल पूरा हुआ है, न ही ग्राम पंचायतें भंग की गई है, ऐसे में बीडीओ का मनरेगा समेत सभी पत्रावलियों और अभिलेखों को जमा करवाने का क्या औचित्य है।
पुतला दहन में प्रधान संघ के अध्यक्ष सुरेश रावत, चंद्रप्रकाश नैथानी, डबल सिंह रावत, विनोद सिंह, अनिल कुमार, बीरेंद्र सिंह, वीरेंद्र थलेड़ी, चंद्रमोहन नेगी, हरीश घिल्डियाल, उपप्रधान संघ के अध्यक्ष विजय ध्यानी, हरिकृष्ण, विनोद भारद्वाज आदि शामिल थे।
.
फोटो समाचार
.
शुभ रात्रि
चंद्रमोहन शुक्ला