कोटद्वार। वन मंत्री एवं कोटद्वार विधायक डा. हरक सिंह रावत ने कोटद्वार-भाबर क्षेत्र में आई आपदा के बचाव और प्रभाविकों को राहत देने को लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक की। उन्होनें अधिकारियों को आपदा प्रभावित इलाकों में तैनात रहने के निर्देश दिए।
सोमवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में वन मंत्री डा. रावत ने कहा कि मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में दो दिन के लिए अलर्ट जारी किया गया है। उन्होने अधिकारियों को नदियों का मलबा दोबारा बस्तियों में न घुसे, इसके लिए नदियों के किनारे सुरक्षा दीवार बनाए जाने, नदियों के बीच जेसीबी से पानी को डावर्ट किए जाने और जलसंस्थान को क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था सुचारू किए जाने और सिद्धबली के पास पंप हाउस को बचाने के लिए उपाय करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ में बहकर आए पेड़ क्षेत्र में बनी पुलिया में फंस रहे हैं, जिससे पानी बस्तियों में घुस रहा है। उन्होंने पीडब्लूडी से सूर्यानगर में बनी पुलिया को तुड़वाने और डीएफओ से नदियों के किनारे टूटने की स्थिति में खड़े पेड़ों को कटवाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से आपदा के राहत और बचाव कार्य में कर्तव्य निष्ठा के साथ जुट जाने की अपील की।
इस मौके पर एडीएम रामजी शरण शर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा, उप जिलाधिकारी राकेश तिवारी, डीएफओ मयंक शेखर झा, विनोद रावत के अलावा सभी विभाग के अधिकारी मौजूद थे।