कालागढ़/कोटद्वार। 18 जुलाई की रात हुए सुनील हत्याकांड का कालागढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। इसके लिए उन्होंने 40 हजार रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य फरार है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रेमी और दूसरे आरोपी को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें छह दिन की न्यायिक हिरासत में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। वहीं, सुनील की पत्नी को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 302, 201 और 120 बी में मुकदमा दर्ज किया है।
कालागढ़ के थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि सुनील हत्याकांड का खुलासा करने के लिए बनाई गई टीम ने सुनील से अलग रह रही उसकी पत्नी नीतू पर अपनी जांच केंद्रित की। सबसे पहले नीतू के प्रेमी सुंदरलाल उर्फ गुड्डू से पूछताछ की गई। उसने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार और नीतू में एक साल से विवाद चल रहा था और वह धनौरा मंडी जेपीनगर स्थित अपने मायके में रह रही थी। सुनील उसे गुजारा-भत्ता दिया करता था। दोनों के दोे बच्चे भी हैं। विवाह से पूर्व से ही नीतू का अकबरपुर पट्टी नौगांव सादात जेपीनगर निवासी सुंदरलाल उर्फ गुडडू से प्रेम संबंध थे।
जांच में पता चला कि सुनील नीतू के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वह मायके में रहने लगी। एक दिन नीतू ने अपने प्रेमी सुंदर से उसे सुनील से छुटकारा दिलाने की बात कही। इस पर सुंदरलाल ने जेपीनगर निवासी सुखवीर सिंह उर्फ ऐबदार से चालीस हजार में सुनील को मरवाने की सुपारी दे दी। घटना के दिन सुंदरलाल और जेपीनगर निवासी अंकित कुमार 18 जुलाई को बाइक से कालागढ़ पहुंचे। रात में करीब 11 से 12 बजे के बीच उन्होंने सुनील के आवास पर जाकर जाली को काटकर दरवाजा खोल दिया और अंदर जाकर सुनील का गला रेतकर हत्या कर दी। साथ ही उसके पेट को भी काट डाला। बदमाशों ने जिस कपड़े से खून से लथपथ हाथ साफ किए थे, उसे उन्होंने सूखास्रोत में फेंक दिया दिया था। अपराध के लिए उपयोग में लाई गई बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
.