कोटद्वार/यमकेश्वर। बुधवार रात को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से सर्दी बढ़ गई है। कोटद्वार में लोगों ने जहां गर्मी से राहत महसूस की, वहीं यमकेश्वर क्षेत्र में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड शुरू हो गयी है। पहाड़ों में प्राकृतिक स्रोत रिचार्ज होने से ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं जंगलों बारिश से आग लगने की संभावनाएं कम होने से वन कर्मियों ने राहत की सांस ली।
कोटद्वार में बेमौसमी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन गेहूं की पकी हुई फसल में बारिश पड़ने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। यमकेश्वर में बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को भी सुबह से भी रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। तेज हवाओं के चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। इसके कारण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय, आंगनबाड़ी कार्यालय, पोस्ट आफिस, गैस ऐजेंसी दमराडा आदि के कामकाज प्रभावित हुए। अप्रैल में हो रही बारिश से प्राकृतिक जलस्रोत रिचार्ज हो रहे हैं तो जंगलों में आग लगने का खतरा भी कम हुआ है।