किशनपुर। भाबर के झंडीचौड़ रामलीला मैदान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति मंच और विहिप के संयुक्त तत्वावधान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को तीलू रौतेली सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलवामा में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हें-मुन्ने बच्चों और कीर्तन मंडलियों ने रंगारंग नृत्य की प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर योग के क्षेत्र में अनीता कंडारी, शिक्षा के क्षेत्र में मीनाक्षी नैथानी, कविता रावत और समाजिक क्षेत्र में आभा डबराल को तीलू रौतेली सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अभिलाषा भारद्वाज, गोदांबरी नेगी, सरोज रावत, प्रिया कंडवाल, शोभा रावत, प्रणिता कंडवाल, शोभा रावत, उमेश रावत, राकेश मोहन ध्यानी, बलराम सिंह नेगी, संजय थपलियाल मौजूद रहे। वहीं एमकेवीएन कण्वघाटी में अखिल भारतीय महिला फेडरेशन एवं अखिल भारतीय किसान सभा जनपद पौड़ी गढ़वाल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुुुुभारंभ मेयर हेमलता नेगी ने किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, महिला हिंसा, उत्पीड़न एवं शोषण पर कड़ी कार्रवाई करने, जमाखोरों को सख्त सजा देने, किसानों को कृषि क्षेत्र में विशेष छूट देने, जशोधरपुर स्टील फैक्ट्रियों को अन्यत्र स्थापित करने, वृद्धा और विधवा को उचित पेंशन, कोटद्वार-भाबर के लिए सिटी बस चलाने, हरिद्वार-चिलरखाल-रामनगर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर डामरीकरण करने आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्य सचिव भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी उत्तराखंड के समर भंडारी ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा पर धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पार्षद राकेश बिष्ट, ज्ञान सिंह नेगी, एमएस वर्मा, प्रकाश चंद्र कोठारी, सीमा नेगी, कांता काला व मदन मोहन कुकरेती मौजूद रहे।
-फोटो