कोटद्वार। बीते रविवार को हुए मतदान के बाद राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों में अब जीत-हार के कयास लगने शुरू हो गए हैं। अब तक चुनाव में व्यस्त रहे प्रत्याशियों ने सोमवार को जहां अपनी खुमारी उतारी, वहीं उनके दफ्तरों में कार्यकर्ताओं का जमघट लगा रहा। प्रत्याशियों के परिजन और आला पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेते रहे।
कांग्रेस के बद्रीनाथ मार्ग स्थित चुनाव कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और उसके बाद जीत, हार की गणित लगनी शुरू हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ता जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे थे। वहीं भाजपा प्रत्याशी नीतू रावत के कार्यालय में उनके पति लैंसडौन के विधायक दलीप रावत कार्यकर्ता से मिलकर मतदान के रुझान पर चर्चा कर रहे थे। वह भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ी विभा चौहान और उनके पति भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान भी जीत के प्रति आश्वस्त दिखे। उन्होेंने भी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। भाबर के कई पोलिंग बूथों पर रविवार को रात साढ़े नौ बजे से दस बजे तक मतदान होता रहा। सोमवार सुबह से ही बाजार के हर गली और नुक्कड़ पर चुनाव के परिणामों का रुझान जानने की उत्सुकता बनी रही।