कोटद्वार। विश्व हिंदू परिषद ने जनपद के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बाहरी लोगों का सत्यापन कराकर पुलिस कार्ड निर्गत करने की मांग की है। इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के ग्रामीण और नगरों में बड़ी संख्या में पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के व्यक्तियों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले उक्त बाहरी लोग पहाड़ में अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। पहाड़ की भौगोलिक परिस्थितियों, राजस्व पुलिस और रेगुलर पुलिस की सीमित व्यवस्था के चलते अपराधी बेखौफ अपराधों को अंजाम देकर भाग जाते हैं, जिससे बलात्कार, हत्या, लूट, ठगी और चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। ज्ञापन देने वालों में विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रसार प्रमुख संजय थपलियाल, गोविंद डंडरियाल, सीपी नैथानी, सचिन माहेश्वरी, प्रवीन थापा, दुर्गेश ममगाईं, सुदीप बौंठियाल, सतीश चंद्र देवरानी, प्रवेंद्र राणा, योगंबर सिंह रावत, दिवाकर व अमित शमी आदि शामिल रहे।
-फोटो