कोटद्वार। अधिवक्ता सुशील रघुवंशी हत्याकांड का 11 माह बाद भी खुलासा न होने से आक्रोशित मृतक की पत्नी रेखा रघुवंशी का तहसील में चल रहा धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस मौके पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उनकी मांग के समर्थन में धरना दिया।
मंगलवार को अधिवक्ता सुशील रघुवंशी की पत्नी रेखा रघुवंशी परिजनों के साथ तहसील पहुंची, यहां उन्होंने दूसरे दिन भी तहसील में बैठकर धरना दिया। उनके समर्थन में बार एसोसिएशन और अन्य संगठनों के पदाधिकारी धरने पर बैठे। रेखा रघुवंशी ने कहा कि उसके पति की हत्या 13 सितंबर, 2017 को दिन-दहाड़े कर दी गई। इस मामले में उनकी ओर से पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस की विवेचना अत्यंत धीमी गति से चल रही है, जिसके चलते हत्यारे अभी तक सलाखों के पीछे नहीं पहुंच सके हैं। उन्होेंने चेतावनी दी कि यदि शासन और प्रशासन उनकी मांग नहीं मानता है तो वह आमरण अनशन करने को मजबूर होंगी। धरना देने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, विशेश्वरी राणा, ध्यान सिंह नेगी, मुजीब नैथानी, अनूप थपलियाल, आशीष किमोठी, शिशुपाल सिंह नेगी, सत्यवीर सिंह, प्रमोद राणा व प्रवेश रावत आदि शामिल रहे।
फोटो