कोटद्वार। शहर से सटे मानपुर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक दुकान में चोरी करने के बाद वहां आग लगा दी। उन्होंने दुकान से सटी निचली मंजिल पर स्थित पूरा घर खंगाला और वहां से जेवर ले उड़े। घटना की जानकारी तब लगी, जब दुकान से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
पीड़ित दुकानदार राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वह शुक्रवार को दुकान बंद कर ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में सोने चले गए। रात को दुकान में आग लगने से उठा धुआं जब ऊपरी मंजिल तक पहुंचने लगा तो उनका दम घुटने लगा। वह नीचे आए तो दुकान में आग लगी हुई थी। उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाई। उन्होंने बताया कि दुकान के पीछे उनके बेटे-बहू का कमरा है। चैनल का ताला तोड़कर चोर वहां तक पहुंचे और फिर उन्होंने चार अन्य कमरे भी खंगाले। वहां आलमारी तोड़कर चोर लॉकर से जेवर भी उड़ा ले गए। रावत ने बताया कि बेटे-बहू अभी बाहर हैं। उनके आने के बाद ही चोरी हुए सामान का पता चल पाएगा। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि चोरों ने घटना को रात करीब 12 बजे अंजाम दिया। दुकान और घर से चोरी के बाद चोर आग लगाकर फरार हो गए। दुकान में रखा सारा सामान टीवी, फ्रिज व फोटो स्टेट मशीन जलकर नष्ट हो गए। नीचे के सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। प्रथम दृष्टया कमरे से बहू की एक अंगूठी, एक जोड़ी टॉप्स व दुकान के गल्ले में रखे करीब एक हजार के सिक्के चोरी हुए हैं। एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
-फोटो