यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक के राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल ठॉगर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और महिला मंगल दल द्वारा भजन कीर्तन प्रस्तुत किए गए।
शनिवार को आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि यमकेश्वर की ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी ने द्वीप प्रज्जवलित करके किया। उन्होंने छात्रों के द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रंशसा की। साथ ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर दुख जताया और सरकार से जल्दी से आदर्श विद्यालय ठॉगर में शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग की। जिससे बच्चों का भविष्य सवारा जा सके। प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेशानंद देवरानी ने विद्यालय में विगत दो वर्षो से शिक्षकों की कमी से होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी दी। कहा कि शिक्षकों के न होने से विद्यालय की छात्र संख्या पर भी असर पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही विभिन्न गांवो ठॉगर, पंचूर, बिथ्याणी और मलेथा की महिला मंगल दलों ने भजन कीर्तन किया। इस अवसर पर ईशा, निशा, अनुजा, हिंमाशी, महक, करण, अरूण, काजल, प्रिया, राकेश को वर्षभर विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के लिए पुरस्कार दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सीला महावीर सिंह, ग्राम प्रधान ठॉगर कमला देवी, बिथ्याणी कविता देवी, एसएमसी अध्यक्ष योगंबर सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापक वीरेंद्र पोखरियाल, जयप्रकाश सिंह, सुशीला देवी, रेनू बड़ोला, आशा देवी आदि मौजूद थे।