कोटद्वार। गाड़ीपड़ाव के सब्जी विक्रेताओं ने गोखले मार्ग में बाहरी क्षेत्र से सब्जी बेचने आए लोगों के सत्यापन की मांग की है।
बुधवार को गाड़ीपड़ाव के सब्जी विक्रेताओं ने उपजिलाधिकारी को इस आशय का ज्ञापन सौंपा। सब्जी एसोसिएशन के अध्यक्ष रईस अहमद ने बताया कि प्रशासन ने गोखले मार्ग के सब्जी विक्रेताओं को गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट कर जीएमओयू और रोडवेज की बसों का वहां से संचालन शुरू किया था, लेकिन गोखले मार्ग फिर से अपनी पुरानी स्थिति में आ गया है। गोखले मार्ग में बाहरी क्षेत्रों से यहां आकर कुछ लोग सब्जी बेच रहे हैं, जिनका सत्यापन होना चाहिए। कहा कि गोखले मार्ग में पुन: बाहरी लोगों के बैठ जाने से गाड़ीपड़ाव स्थित सब्जी मंडी के विक्रेताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सब्जी विक्रेता एसोसिएशन ने उपजिलाधिकारी से सत्यापन की मांग करते हुए गोखले मार्ग से फल-सब्जी वालों को हटाने की मांग की है। ज्ञापन में तसलीम अहमद, गबर सिंह, मो. कासिम, मो. उस्मान, जमील रहमान व इलियास अहमद के हस्ताक्षर हैं।