कोटद्वार। लैंसडौन के डीएफओ मयंक शेखर झा के साथ गत 29 जून को उनके आवास पर अभद्रता और गाली गलौच करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वन अधिकारी, कर्मचारी संघर्ष समिति ने मंगलवार को दूसरे दिन काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। लैंसडौन वन प्रभाग के कार्यालय में संघर्ष समिति के सदस्यों ने उनकी एक सूत्री मांग के संकल्प और अल्टीमेटम को दोहराया।
वन अधिकारी, कर्मचारी संघर्ष समिति लैंसडौन वन प्रभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बिष्ट और मंत्री संजय कुमार ने बताया कि मंगलवार को दूसरे दिन वन प्रभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया है। 16 जुलाई तक संघर्ष समिति से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी काम करते हुए काली पट्टी बांधेंगे। 16 तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 17 जुलाई से कार्य बहिष्कार प्रारंभ कर दिया जाएगा। समिति के संरक्षक एसपी कंडवाल, आरके बत्रा, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष अनिल देवलाल, मीडिया प्रभारी सतविंदर पाल, दिनेश चंद्र, महिपाल सिंह और वीरेंद्र सिंह लिंगवाल ने कहा कि अधिकारियों के साथ मारपीट और अभद्रता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया कि एक सूत्री मांग को लेकर समिति की ओर से शासन, प्रशासन और सरकार को पूर्व में ही अल्टीमेटम दिया जा चुका है।