कोटद्वार। उत्तराखंड क्रांति दल की गांव बसाओ, राज्य बचाओ यात्रा के अंतिम दिन यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मणझूला में समापन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों और मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने से पहाड़ से पलायन बढ़ता जा रहा है।
यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आमसौड़ में यात्रा का शुभारंभ उक्रांद के संरक्षक और किसान नेता कै. दुर्गा सिंह बिष्ट (सेनि) और जिलाध्यक्ष जगदीपक सिंह रावत ने रिबन काटकर किया। केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में राज्य बचाओ यात्रा दुगड्डा, डाडामंडी, कांडाखाल, पौखाल, कांडी, कस्याली, यमकेश्वर, तुंगखाल, पोखरखाल, दिवली, घट्टघाट होते हुए स्वर्गाश्रम लक्ष्मणझूला पहुंची। समापन समारोह में केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण गांववासी पलायन के लिए मजबूर हैं। प्रदेश सरकार पलायन आयोग गठित कर जनता की आंखों में धूल झोंक रही है और अपने वायदों से मुकर रही है। हकीकत यह है कि गांवों में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव होने से पलायन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं तमाम सवालों को लेकर यात्रा आयोजित की गई। दस आगे भी जागरूकता अभियान जारी रखेगा।
यात्रा में केंद्रीय महासचिव जयदीप भट्ट, संगठन मंत्री वेद मारवाड़ी, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी सीपी भट्ट, मीडिया प्रभारी रूपचंद्र जखमोला, आशीष गौनियाल, दीपक गौनियाल, आशीष रतूड़ी, आकाश बड़ोला, उपेंद्र पयाल, राम प्रसाद केष्टवाल, सुरेंद्र सजवाण आदि शामिल रहे।