कोटद्वार। नवयुग सीनियर सेकेंडरी स्कूल की ओर से आयोजित विदाई समारोह में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं को विदाई दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
मंगलवार को मोटाढांक स्थित विद्यालय प्रांगण में आयोजित विदाई समारोह का विद्यालय के संस्थापक हुकुम सिंह नेगी ने शुभारंभ किया। उन्होंने छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कहा कि निष्ठा और मेहनत से की गई तैयारी से हमेशा सफलता मिलती है। उन्होंने बच्चों से ईमानदारी के साथ अपने भविष्य के पथ पर चलकर विद्यालय और अपने परिजनों का नाम रोशन करने की अपील की।
इसके बाद कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली और फिल्मी गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में समा बांधा। कक्षा 11वीं के छात्रों ने उन्हें टाइटल दिए। इस मौके पर रचित शर्मा को मिस्टर एनवीएस और अंजलि रावत को मिस एनवीएस का खिताब दिया गया। छात्रा शीतल गुसाईं को मिस स्पार्क और छात्र दीपक सिंह नेगी को मिस्टर स्पार्क चुना गया। विद्यालय के संस्थापक हुकुम सिंह और प्रबंधक शैली नेगी ने स्मृति चिह्न भेंट किए।
-फोटो