कोटद्वार। यूथ फाउंडेशन की ओर से सेना में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण चयन कैंप का आयोजन किया गया। इसमें शारीरिक परीक्षण के बाद कोटद्वार और भाबर क्षेत्र के 75 युवाओं का भर्ती पूर्व दो माह की ट्रेनिंग के लिए चयन किया गया।
रविवार को इंटर कालेज मोटाढांक में आयोजित शिविर में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कैंप में युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 750 युवाओं ने लाइन पर लगकर सेना में भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए यूथ फाउंडेशन के विशेषज्ञों के समक्ष शारीरिक परीक्षण कराया। इसमें से कई युवाओं की कम ऊंचाई, कम छाती और कम वजन होने के कारण उनका प्रशिक्षण के लिए चयन नहीं किया गया। फाउंडेशन के ट्रेनर कलम सिंह, जयवीर रावत और प्रदीप रावत ने युवाओं की जांच की। इसमें शारीरिक दक्षता की कसौटी में खरा उतरने वाले 75 युवाओं का चयन दो माह की विशेष भर्ती प्रशिक्षण के लिए किया गया।
संस्था सदस्य सुमित रावत ने बताया कि कर्नल कोटियाल के मार्गदर्शन में संस्था द्वारा युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए भर्ती से पूर्व दो माह का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस दौरान उनको भर्ती में दौड़, शारीरिक प्रदर्शन के अलावा भर्ती की पूरी तैयारी कराई जाती है। दो माह के प्रशिक्षण के दौरान युवाओं के रहने और भोजन की व्यवस्था फाउंडेशन की ओर से निशुल्क की जाती है। बताया कि रविवार को इंटर कालेज मोटाढांक में चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के लिए फरवरी माह के अंत में बुलाया जाएगा।
-फोटो