लैंसडौन। देश की आन-बान और शान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ लेते हुए 73वें कोर्स के 253 रिक्रूट भारतीय सेना की विशिष्ट सैन्य इकाई गढ़वाल राइफल्स में शामिल हो गए। पुनरीक्षण अधिकारी ब्रिगेडियर हरमीत सिंह सेठी ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त सैैनिकों के सामने देश व रेजीमेंट की मान-मर्यादा की रक्षा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। कर्तव्यनिष्ठा से उन्हें इन जिम्मेदारियों का पालन करना है। इस अवसर पर पुनरीक्षण अधिकारी ब्रिगेडियर सेठी ने रिक्रूटों की परेड की सलामी ली।
परेड का नेतृत्व ताजवर सिंह ने किया। इस मौके पर पुनरीक्षण अधिकारी व रिक्रूट से राइफलमैन का दर्जा प्राप्त करने वाले नवनियुक्त सैनिकों ने वीर शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद सैनिकों का भावपूर्ण स्मरण किया। इस अवसर पर सभी रिक्रूटों ने धार्मिक ग्रंथ पर हाथ रख कर तिरंगे का सम्मान करने का संकल्प लिया।
पुनरीक्षण अधिकारी ब्रिगेडियर सेठी ने 34 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्रिया राकलापों में सर्वोतम रहे रिक्रूटों को पदक प्रदान किए। आलराउंडर गतिविधियों के लिए संजय सिंह को स्वर्ण, संजय सिंह द्वितीय को रजत, क्रितेश सिंह रावत को कांस्य पदक मिला। ड्रिल के लिए बेस्ट रिक्रूट ताजवर सिंह, पीटी में सर्वोत्तम रिक्रूट के लिए नीरज सिंह का पदक मिला। सर्वोत्तम फाइरिंग के लिए रविंद्र सिंह को चुना गया। चैंपियनशिप बैनर के लिए ई कंपनी को बैनर प्रदान किया गया। सूबेदार भगवान सिंह ने कंपनी की ओर से बैनर ग्रहण किया।