कोटद्वार। नगर निगम के विरोध में सनेह पट्टी के ग्रामीणों ने लालपानी स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर दो घंटे तक प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने टंकी पर मुख्यमंत्री का पुतला लटकाकर नगर निगम का विरोध जताया।
रविवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण लालपानी स्थित पानी की टंकी के पास एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी के साथ टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया। ग्रास्टनगंज की पूर्व प्रधान विजेश्वरी झिंकवाण ने प्रदेश सरकार पर ग्रामीणों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार की इस मंशा को किसी भी हाल में पूरा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की ग्रामीण जनता से प्रदेश सरकार के इस जन विरोधी फरमान के विरोध में आगे आने की अपील की।
छात्र नेता सूरज प्रसाद कांति ने सरकार पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाया। कहा कि ऋषिकेश में सरकार मात्र एक ग्राम पंचायत को जोड़कर नगर निगम बना रही है, जबकि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र की 16 किमी. के दायरे में फैली सभी ग्राम पंचायतों को नगर निगम में मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से नगर निगम के शासनादेश को वापस लेने की मांग की। इस दौरान धर्मेंद्र बड़थ्वाल, दीपक राणा, पंकज कोठियाल, राजेश नौटियाल, तेजू बिष्ट, कमलेश कुलाश्री, सूरज नेगी, रमन सिंह, संजय भंडारी, दीपक, सीमा देवी, राधा देवी, जमुना देवी आदि मौजूद थे।