कोटद्वार। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह रहा। क्षेत्र के 64 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
रविवार को नजीबाबाद चौक स्थित राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत के मार्गनिर्देशन में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागी सुबह नौ बजे से ही परीक्षा केंद्र में पहुंचने शुरू हो गए। परीक्षा के लिए क्षेत्र के 101 छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। परीक्षा में 64 छात्र-छात्राओं ने ही प्रतिभाग किया। कक्षा नौ और दस में 29 और 11वीं व 12वीं के लिए 72 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
परीक्षा में कक्षा नौवीं और दसवीं के 29 छात्रों ने पहली बार ओएमआर सीट पर गोले बनाकर उत्तर अंकित किए। वे उत्तर लिखने की अपेक्षा गोला बनाने के पहले अनुभव से रोमांचित थे। साहिल रावत, कृष्णा नेगी, रजत भोला, प्रेरणा रावत ने कहा कि उन्हें पहले पहली बार ओएमआर सीट पर परीक्षा देने का अनुभव मिला, जो कि भविष्य में अन्य परीक्षाओं में उनके लिए उपयोगी साबित होगा। वहीं 11वीं और 12वीं के छात्रों ने भी अमर उजाला की पहल की सराहना की। छात्र सौरभ भट्ट, अनू रावत, प्रियंका कोटनाला और ऋषभ नैैथानी ने कहा कि इस प्रकार की परीक्षा से उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा। प्रश्न पत्र में पूछे गए प्रश्न उनके कोर्स के अलावा सामान्य ज्ञान से संबंधित थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत, शिक्षक विकास रावत, सुरेंद्र पाल सिंह अनूप सिंह, सादर सिंह रावत और सतीश चंद्र जखमोला ने परीक्षा के सफल संचालन में अपना सहयोग दिया।