कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाहीपूर्ण कार्यप्रणाली के चलते गाड़ीघाट के वार्ड नंबर तीन के धोबीघाट कालोनी में पिछले दस दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। लोग दूसरों के घर से किसी प्रकार जुगाड़ कर सिर पर पानी ढोने को मजबूर हैं।
दस दिन पूर्व पुराना सिद्धबली मार्ग पर एक पब्लिक स्कूूल के पास क्षेत्र की मुख्य पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके कारण मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। तभी से लोगों के नल सूखे हुए हैं। पेयजल किल्लत के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिक वीरेंद्र रावत, विनोद असवाल, राजेश्वरी देवी व कमला नेगी ने जलसंस्थान पर अपने कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि दस दिन से लाइन में फाल्ट है, लेकिन विभाग उस पर कार्य नहीं कर रहा है। लोगों को अन्य मोहल्लों से मांगकर पानी सिर पर ढोना पड़ रहा है। विभाग के अधिकारियों को पिछले दस दिन से लिखित और मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। चेताया कि शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा।
उधर, जलसंस्थान के अवर अभियंता बीएस रावत ने बताया कि मुख्य पेयजल लाइन में लीकेज के कारण इस प्रकार की समस्या आ रही है। शीघ्र लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।