विधानसभा चुनाव कार्य संपादन के लिए जिले में वाहनों की अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूरे जनपद में करीब 700 वाहन चुनाव ड्यूटी में तैनात होंगे, जिसमें से 100 सरकारी वाहन पूर्व में ही अधिग्रहित किए जा चुके हैं।
वाहन अधिग्रहण की जिम्मेदारी परिवहन विभाग को दी गई है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर वाहनों की अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जनपद में 350 बसे, 250 टैक्सी व 30 ट्रकों की जरूरत है, जिसके लिए सभी टैक्सी मैक्सी यूनियनों व अन्य परिवहन संगठनों को पत्र भेज दिया गया है। द्वारिका प्रसाद ने बताया कि 100 सरकारी वाहनों का पूर्व में ही अधिग्रहण किया जा चुका है।
अधिग्रहण की कार्रवाई 30 जनवरी तक पूरी कर दी जाएगी। साथ ही स्कूली वाहनों का भी अधिग्रहण किया जाएगा। एआरटीओ ने कहा कि अधिग्रहित वाहन नियत तिथि पर उपलब्ध न कराए जाने पर वाहन स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
पौड़ी, श्रीनगर व चौबट्टाखाल विधान सभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए पौड़ी व कोटद्वार, यमकेश्वर व लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए वाहन कोटद्वार में उपलब्ध रहेंगे।