कोटद्वार। रिखणीखाल ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय घोटला की ओर से आयोजित वार्षिकोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली व कुमाऊंनी लोक गीतों पर प्रस्तुति देकर उत्तराखंडी लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
विद्यालय परिसर में आयोजित वार्षिकोत्सव का उपशिक्षा अधिकारी विनोद शंकर सुंद्रियाल ने शुुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति को बचाने के लिए नई पीढ़ी का इससे जुड़ना आवश्यक है।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना से की। कक्षा तीन के छात्र जिगरमोहन ने जागर की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद बच्चों ने चैता की चैत्वाली..., किंगरी का झाला घुघती..., उत्तराखंड राज्य गीत..., नन्हें हैं नन्हा सा है दिल..., स्याली बम्पाली..., मालू ग्वीरालू का बीच... व नंदू मामा की स्याली...आदि गानों पर बेहतरीन प्रस्तुति देकर वार्षिकोत्सव में समा बांधा। महिला मंगल दल घोटला ने थड्या चौफला की प्रस्तुति दी। विवेक ने अंग्रेजी और अर्पित चौहान ने हिंदी में भाषण देकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में हारमोनियम पर ललित मोहन, आर्गन पर योगेश ध्यानी और ढोलक पर सतेंद्र चौहान ने संगत दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज जोशी, शिक्षक मुनेश्वर प्रसाद आर्य, मोहन, भारतेंदु, विजयपाल, महेश, जीवन, शशि, समन आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन रवींद्र रावत ने किया।
-फोटो