किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के कण्वाश्रम में योग सपोर्ट एसोसिएशन इंडिया और वैदिक आश्रम गुरुकुल महाविद्यालय कण्वाश्रम के तत्वावधान में तीन दिवसीय द्वितीय योग सपोर्ट फेडरेशन चैंपियनशिप के दूसरे दिन योग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। इस दौरान विदेशी साधकों ने गंगा और शिव महिमा की प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
शनिवार को प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन का शुभारंभ महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हॉलैंड निवासी आचार्य अनुरागी और जर्मनी निवासी साधिका गीतांजलि ने शिव महिमा की प्रस्तुति दी। योग गुरु ऋषिपाल के शिष्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आंचल और अरुणा ने कठिन योग आसनों की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान योग प्रतियोगिताओं के अंडर-8 में जेमिना, अंडर-11 में सत्य श्रीलक्ष्मी, अंडर-15 में हर्षिता, अंडर-18 में दीपक और निशा, अंडर-21 में अंकित और आंचल, अंडर-25 में विश्वजीत और दाजी, अंडर-30 में अरुणा, अंडर-35 में गीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर योगाचार्य विश्वपाल जयंत ने जीवन में स्वस्थ रहने के लिए अपनी दिनचर्या में योग को शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम में डा. राजीव सिंह शास्त्री, आचार्य सुदर्शन, अमित सजवाण, स्वामी जीतानंद, शोभा रावत, हेमा देवरानी, सुषमा जखमोला आदि मौजूद रहे।