कोटद्वार। लोनिवि की लापरवाही देवी रोड और पदमपुर में आवाजाही कर रहे लोगों पर भारी पड़ रही है। बीच सड़क पर पिछले छह माह से नाले के ऊपर बिछाया गया जाल टूटा हुआ है, जिसमें आए दिन दो पहिया वाहन चालक व पैदल राहगीर चोटिल हो हो रहे हैं।
देवी मंदिर तिराहे पर पदमपुर-मानपुर से बरसाती पानी को भूमिगत करने के लिए दो करोड़ की लागत से नाले का निर्माण किया गया। देवी मंदिर तिराहे पर दूध की डेयरी रोड पर इसी नाले के ऊपर लोहे का जाल बिछाया गया था। मार्ग पर अत्यधिक यातायात होने के कारण लोहे का जाल क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय महेश देवरानी, ओमप्रकाश कंडवाल, सुरेंद्र सिंह रावत, विकास देवरानी ने लोनिवि पर लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। चेताया कि जाल निर्माण पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर लोनिवि के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता सुदेश बिंजोला ने बताया कि जाल के निर्माण के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए थे। नागरिकों की सुविधा के लिए शीघ्र इस पर कार्रवाई की जाएगी।