कोटद्वार। 15 वर्षों का अवशेष एरियर नहीं देने से आक्रोशित सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रवेक्षिक/प्रवेक्षिकाएं संगठन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार से उनका दस वर्षों के एरियर का भुगतान करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
रविवार को संगठन की जिलाध्यक्ष गणेशी नेगी के नेतृत्व में प्रवेक्षिक और प्रवेक्षिकाएं व्यापार मंडल सभागार में एकत्र हुए। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में अध्यक्ष गणेशी नेगी ने प्रदेश सरकार पर उनके साथ भेदभाव बरतने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते उन्हें मई 1995 से जून 2010 का अवशेष एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उच्च न्यायालय द्वारा सरकार को एरियर का भुगतान करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन सरकार कोर्ट के आदेश की अवहेलना कर रही है।
इस अवसर पर संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह रावत, सचिव सुशील चंद्र थपलियाल, डबल सिंह रावत, बिमला ध्यानी, मुन्नी गुसाईं, शकुंतला रावत, रामेश्वरी रावत, सुशीला पांडे, गुणानंद शर्मा, सीता ध्यानी, स्नेहलता, यशोदा रावत, विद्या असवाल, रामेश्वरी बिष्ट, गोदांबरी देवी, सरोज देवी, सुनीता राणा व कांती जोशी आदि मौजूद थे।
-फोटो