कोटद्वार। दुगड्डा ब्लाक के जुवा गांव में गत रविवार को बकरी चुगाने खेतों में गई एक महिला को गुलदार ने मार दिया था। इसके बाद लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ ने गांव का दौरा किया। उन्होंने मृतक महिला के परिजनों को मुआवजे की अग्रिम किस्त के रूप में 90 हजार रुपये का चेक सौंपा। डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग ने गुलदार की पहचान करने के लिए गांव में ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन कर्मियों को तैनात कर दिया है।
सोमवार को ग्रामीणों द्वारा डीएफओ कार्यालय में प्रदर्शन करने के बाद लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार वन कर्मियों के साथ जुवा गांव पहुंचे। उन्होंने गुलदार के आमद संभावित क्षेत्रों और गुलदार के हमले वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने वन कर्मियों को ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए उचित निर्देश दिए। रेंज अधिकारी किशोर नौटियाल ने बताया कि डीएफओ के निर्देशानुसार गांव के चारों ओर उगी लैंटाना की झाड़ी का कटान किया जा रहा है। गांव में गुलदार को ट्रेस करने के लिए चारों ओर चार ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। पांच वन कर्मियों को गुलदार के नहीं पकड़े जाने तक गांव में तैनाती की गई है। कुछ वन कर्मियों को छात्र-छात्राओं को स्कूल छोड़ने और लेने के लिए लगाया गया है। इसके साथ ही गांव में पिंजरा लगाने की आला अधिकारियों से इजाजत मांगी गई है।
-फोटो