कोटद्वार। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते करीब 50 लाख रुपये की लागत से कौड़िया में पनियाली गदेरे में बने पुल की एप्रोच रोड डेढ़ वर्ष में ही धंस गई है। स्थानीय लोगों और आर्मी के जवानों के लिए भी धंसी हुई रोड खतरा बनी हुई है। सोमवार को सूचना मिलने पर डीएम सुशील कुमार ने भी क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड का निरीक्षण कर इसकी मरम्मत के निर्देश लोनिवि के अधिकारियों को दिए हैं।
2016 में कौड़िया-गबर सिंह आर्मी कैंप रोड पर पनियाली नाले के ऊपर करीब 50 लाख रुपये की लागत से 18 मीटर लंबे पुल का निर्माण कराया गया था, लेकिन डेढ़ वर्ष बाद ही इसकी एप्रोच रोड धंसने लग गई। पुल से रोजाना आर्मी के वाहन और स्थानीय लोगों का आना-जाना लगा रहता है। मार्ग धंसने से पुल और रास्ते के बीच दूरी बन गई है, साथ ही गड्ढा भी पड़ने लग गया है। जिसके कारण खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिक विनोद कुमार, ओमप्रकाश, सुभाष कुमार, कैलाश कुमार, रंजीत सिंह ने लोनिवि पर लोगों को खतरे में डालने का आरोप लगाया। कहा कि सड़क निर्माण के समय शीघ्र लोकार्पण कराने के चक्कर में एप्रोच रोड का निर्माण जल्दबाजी में किया गया। मार्ग की गुणवत्ता पर तब भी सवाल उठाए थे, लेकिन अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया था। पिछले दो महीने से सड़क धंसनी शुरू हो गई है। सड़क पर आर्मी के बड़े वाहन तो किसी तरह निकल जा रहे हैं, लेकिन छोटे वाहन और दोपहिया वाहनों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। रात के अंधेरे में यहां पर राहगीर और साइकिल सवार चोटिल हो रहे हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह का कहना है कि पुल की एप्रोच रोड धंसने की जानकारी मिली है। कुछ दिनों में इसकी मरम्मत करा दी जाएगी।
- फोटो-