कोटद्वार। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कोटद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में आई दैवीय आपदा क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रदेश सरकार से पीड़ितों की सुध लेने और नुकसान के अनुसार सहायता राशि दिए जाने की बात कही।
मंगलवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रिफ्यूजी कालोनी और भाबर के शीतलपुर क्षेत्र का भ्रमण कर प्रभावितों से मुलाकात की है। बाढ़ पीड़ित लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री से अपनी परेशानियां बताते हुए कहा कि आपदा के कई महीने बीत जाने के बाद अभी तक सरकार ने उनकी कोई सुध नहीं ली है। मात्र 3800 रुपये के चेक देकर इतिश्री कर दी गई, जबकि उनके घरों में रखा खाने पीने का सामान, पहनने के कपड़े, रजाई गद्दा, फ्रिज, कूलर व टीवी सहित जेवरात समेत लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से किसी भी प्रकार की दवाइयों का छिड़काव न किए जाने से लोग अब पीलिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश सरकार से दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों को नुकसान के अनुसार आकलन करते हुए उन्हें पर्याप्त मात्रा में सहायता राशि दिए जाने की मांग की है। उन्होंने पीड़ितों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे यह मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से उठाएंगे और इसके समाधान की अपील करेंगे। इस मौके पर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, दुगड्डा ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय नारायण सिंह, जसवीर राणा, अंकुर भंडारी, राकेश मित्तल, पूनम मेहरा व सूरज कांति सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
बेहतर कार्य रही है प्रेरणा संस्था
संस्था के वार्षिक समारोह में बोले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। प्रेरणा संस्था के शिवराजपुर में आयोजित वार्षिक समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि संस्था निराश्रित बच्चों की सेवा के लिए बेहतर कार्य कर रही है। इस मौके पर पूर्व सीएम रावत ने एक बच्ची का वर्षभर का खर्चा वहन करने की जिम्मेदारी ली है।
बतौर मुख्य अतिथि वार्षिक समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि प्रेरणा संस्था निराश्रित बच्चों की शिक्षा के लिए जो कार्य कर रही है, वह सराहनीय है। समारोह में विशिष्ट अतिथि पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने प्रेरणा संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए लोगों से इस तरह के कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। इस मौके पर पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, संस्था के संयोजक गोविंद डंडरियाल, कुंदन सिंह अधिकारी, सुजीत रावत, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, रविंद्र बिष्ट, भागीरथी देवी, कल्याण सिंह अधिकारी, कमल किशोर जोशी, दया शंकर फुलारा, रामकुमार क्षेत्री, विकास अधिकारी, कमल दीप सिंह आदि मौजूद थे।