पौड़ी/कोटद्वार। जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक में जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कोटद्वार क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से हुए पिछले तीन साल में हुए निर्माण कार्यों की जांच के आदेश दिये हैं। उन्होंने निम्नस्तरीय डिजायन व बिना सर्वे के निर्माण कार्य कराए जाने की आशंका जताई। गत तीन और चार अगस्त की रात कोटद्वार में आई बाढ़ के बाद हुए नुकसान से यह बात सामने आई है। इस मौके पर उन्होंने अधिशासी अभियंताओं के बैठक से नदारद होने तथा निर्माण निगम की कार्यों के सुस्त गति पर नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने विकास भवन सभागार में नाबार्ड की पहल पर बुधवार को आरआईडीएफ-22 के अन्तर्गत आयोजित वित्त पोषित परियोजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने कोटद्वार क्षेत्र में विगत तीन वर्षों में किये गये सभी निर्माण कार्यों की जांच के आदेश दिये हैं। कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से बेतरतीब निर्माण कार्य हुए हैं। उन्होंने सीडीओ को बाकायदा तकनीकी विशेषज्ञों की एक समिति गठित कर विभाग के निर्माण कार्यों की जांच के निर्देश दिये हैं। डीएम ने निर्माण निगम, लोनिवि, ग्रामीण विकास विभाग, सिंचाई समेत सभी निर्माणदायी विभागों को नाबार्ड के तहत होने वाले निर्माण कार्यों को एक माह में पूरा करने के भी निर्देश दिये। उन्होंने निर्माण निगम की ओर से किये जा रहे निर्माण कार्यों की सुस्त गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कार्य पूर्ण नहीं होने पर विभागों को धनराशि नाबार्ड को सरेंडर करने को कहा। उन्होंने तकनीकी संस्थानों से परियोजनाओं के साइन बोर्ड चस्पा करने को कहा। उन्होंने जलापूर्ति विभाग को नाबार्ड से धनराशि प्राप्त कर अधिक से अधिक प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा। कहा कि पेयजल विभाग की ओर से शीघ्र ही पौड़ी और श्रीनगर में इलेक्ट्रिक मीटरों को लगाया जायेगा। मीटरों की व्यवस्था के सुचारू करने के लिए कॉल सेंटर की भी व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने लोनिवि, सिंचाई, निर्माण निगम रेखीय विभागों से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार पूरक कार्यक्रमों की सूची तैयार करने को कहा। डीडीएम बिजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि आरआईडीएफ के तहत स्वीकृत परियोजनाओं को सितंबर माह के अंत तक पूरा किया जाना है। उन्होंने विभागों से परियोजनाओं में चरणबद्ध तरीके से वांछित प्रगति लाने व निर्धारित समय पर परियोजना को पूरा करने को कहा।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, प्रवीण कुमार बहुखंडी, सुरेश तोमर, दिनेश बिज्लवाण, प्रत्यूष कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.
फोटो समाचार
.
शुभ रात्रि
चंद्रमोहन शुक्ला