कोटद्वार। अग्नि शमन विभाग के तत्वावधान में अग्नि शमन सेवा सप्ताह रविवार को शुरू हो गया है। इस मौके पर अग्नि शमन विभाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। विभाग ने नगर में रैली निकालकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया।
रविवार को ग्रास्टनगंज स्थित फायर स्टेशन में एफएसओ बनवारी सिंह समेत अधिकारी और कर्मचारियों ने शहीद अग्नि शमन अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में एफएसओ बनवारी सिंह ने कहा कि यदि हम सर्तक रहें तो आग की घटनाओं को रोकने में सफल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि 1944 में आज ही के दिन मुबई में एक पानी के जहाज में आग लग गई थी, जो इतनी भयानक रही कि इसके साथ आस-पास के कई अन्य जहाज जलकर खाक हो गए। तब मुम्बई शहर को बचाने के लिए अग्निशमन दल ने एक अग्नि रेखा बनाते हुए आग को फैलने से रोका था। इस दौरान आग बुझाने में अग्नि शमन दल के कई अधिकारी और कर्मचारी शहीद हो गए थे। इस हादसे के बाद भारत सरकार ने 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसके बाद एएसपी कार्यालय में मुख्य अतिथि एसएसपी प्रदीप कुमार राय ने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान अग्नि शमन विभाग के अधिकारी शहर में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे थे। इस मौके पर लीडिंग फायरमैन कृपाराम शर्मा, राहुल थापा, नरेंद्र शर्मा, रंजीत सिंह, अशोक कुमार, राजेंद्र गौड़, राजेश, योगेश आदि मौजूद रहे।
.