कोटद्वार। भू-माफिया द्वारा शिवराजपुर के ग्रामीण की भूमि पर जबरन कब्जा करने से आक्रोशित शिवराजपुर के ग्रामीणों ने कोटद्वार तहसील में भू-माफिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और मामले की जांच कराकर ग्रामीण की भूमि दिलाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को समाजसेवी गोविंद डंडरियाल के नेतृत्व में शिवराजपुर के ग्रामीण तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गोविंद डंडरियाल ने पुलिस प्रशासन पर भू-माफिया को खुली छूट देने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के चलते भाबर क्षेत्र में भू-मफिया का राज चल रहा है। वह सीधे ग्रामीणों की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रहा है, जिसके कारण लोग भयभीत हैं। कहा कि भू-माफिया भाबर क्षेत्र के शिवराजपुर में कुंदन सिंह की कृषि भूमि पर फर्जी बयनामा कराकर भूमि पर कब्जा करना चाहता है। इसके लिए वह ग्रामीण को धमका रहा है, लेकिन प्रशासन और पुलिस को शिकायत करने के बाद भी इस पर कार्रवाई नहीं हो रही है। इसके कारण ग्रामीण अपनी भूमि को लेकर डरे हुए हैं।
इस अवसर पर कुंदन सिंह, प्रेम अधिकारी, बंती देवी, विद्यावती देवी, सुनीता, जमुना देवी, अमरवती देवी, कमला देवी, कांती देवी, नीतू, सीमान, गुड़िया रानी व मंजू देवी आदि मौजूद थे।
-फोटो