कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्र संघ चुनाव के लिए 25 अगस्त की शाम चार बजे आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद लिंगदोह कमेटी के नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। 26 और 28 अगस्त को नामांकन के बाद प्रपत्रों की जांच में वह प्रत्याशी जिसने पिछले वर्ष पूरे पेपर नहीं दिए हों अथवा वह किसी भी विषय में फेल हो, उसका नामांकन रद्द कर दिया जाएगा।
बुधवार को महाविद्यालय में प्राचार्य डा. एमएस रौतेला और मुख्य निर्वाचन अधिकारी छात्रसंघ डा. डीएम शर्मा ने प्रत्याशियों की बैठक में उन्हें लिंगदोह कमेटी के नियमों की जानकारी दी। इस पर नामांकन निरस्त होने के नियम को लेकर प्रत्याशी और उनके समर्थन भड़क गए। उन्होंने इसका विरोध करते हुए महाविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के ऊपर नियम थोपने का आरोप लगाया। कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा अभी तक रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। छात्रों के एडमिशन नहीं हो पाए हैं, अधिकतर प्रत्याशियों के रिजल्ट नहीं आए हैं। प्रत्याशी को कैसे पता चलेगा कि वह पास है कि फेल। इस पर प्राचार्य ने प्रत्याशियों को विश्वविद्यालय से अपना रिजल्ट निकालने के लिए महाविद्यालय द्वारा लिखित पत्र देने की बात कही गई। तब भी छात्र नहीं माने और उन्होंने इसका विरोध कर दिया। छात्रों ने लिंगदोह कमेटी के इस नियम को हटाने अथवा एक माह बाद चुनाव कराने की मांग की। इस पर विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव प्रभारी से फोन पर वार्ता कर महाविद्यालय के प्राचार्य ने चुनाव में किसी प्रकार के बदलाव करने से साफ इनकार कर दिया।
-फोटो