दुगड्डा ब्लॉक के न्याय पंचायत पठुड़ अकरा में हुआ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन
कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक की न्याय पंचायत पठुड़ अकरा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दर्ज कुल 50 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को विभागवार सूचीबद्ध कर समय सीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं शिविर में सात पात्रों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिविर में ग्राम पंचायत जुड्डा रौडियाल की प्रधान मुबीना बेगम ने उनकी ग्रामसभा में पेयजल संबंधी शिकायत दर्ज कराई। वर्ष 1985 से चरेख पेयजल योजना से गांव को पेयजल की नियमित आपूर्ति हो रही थी। वर्तमान में पाइप लाइन ग्राम गहड़ के नाम से जल जीवन योजना में शामिल करा दी। जल स्रोत का पानी उक्त पाइप लाइन में नहीं दिया गया है। उन्होंने पाइप लाइन को जल स्रोत से जोड़ने व अवशेष बिलों के भुगतान पर रोक लगाने की मांग की।
शिविर की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार ने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो रहा है। उन्होंने शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण तय समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर बीडीओ बीडी रतूड़ी, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय मौजूद रहे।