कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के लछमपुर (कण्वघाटी) में 50 बेड का आयुर्वेदिक अस्पताल आकार लेने लगा है। शासन ने अस्पताल के पांच मंजिला भवन के लिए 17 करोड़ की धनराशि मंजूर की है। अगले वर्ष के मध्य तक अस्पताल का भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
राज्य गठन के बाद से ही भाबर क्षेत्र में मेडिकल काॅलेज के निर्माण की मांग उठती आ रही है। वर्ष 2014-15 में राज्य सरकार की ओर से मेडिकल काॅलेज के लिए भाबर क्षेत्र के लछमपुर में करीब 200 बीघा नदी श्रेणी की भूमि का चयन किया गया। जिसकी बाद में श्रेणी परिवर्तित कर इस पर मेडिकल काॅलेज निर्माण के लिए चाहरदीवारी बना दी गई। इस बीच वर्ष 2017 में सरकार बदलते ही एक बार फिर मेडिकल कॉलेज के लिए कवायद शुरू की गई, लेकिन मेडिकल कॉलेज का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सका। राज्य सरकार ने इस बीच कोटद्वार में आयुर्वेदिक अस्पताल खोलने की घोषणा कर दी और मेडिकल कॉलेज के लिए चयनित इस भूमि में से करीब 8 एकड़ जमीन आयुर्वेदिक अस्पताल के नाम कर दी।
नवंबर 2023 में कोटद्वार में 50 बेड के आयुष चिकित्सालय की स्वीकृति देते हुए 17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई। कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम पौड़ी को बनाया गया। आयुष चिकित्सालय का निर्माण कार्य नवंबर 2024 तक पूरा होना था, लेकिन मालन पुल क्षतिग्रस्त होने से इसके निर्माण में विलंब हुआ। निर्माणाधीन पांच मंजिला भवन के बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था की जानी है। वर्तमान में कार्यदायी संस्था की ओर से बेसमेंट तैयार किया जा रहा है। अगले साल के मध्य तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। भवन तैयार होने के बाद शासन की ओर से चिकित्सालय में पद सृजित करने के साथ ही यहां जरूरी सुविधाएं जुटाकर सेवाएं शुरू करा दी जाएंगी।
50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल के पांच मंजिला भवन के निर्माण के लिए शासन ने 17 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है। निर्माण कार्य अगले साल के मध्य तक पूरा कराया जाना है।
- डॉ. जयदीप बिष्ट, नोडल अधिकारी निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल।
.
लछमपुर में निर्माणाधीन 50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल के पांच मंजिला भवन को बनने में करीब आठ माह का समय लगेगा। वर्तमान में बेसमेंट में पार्किंग बनाई जा रही है।
-बीरेंद्र भट्ट, प्रोजेक्ट मैनेजर, निर्माण इकाई, उत्तराखंड पेयजल निगम पौड़ी
फोटो समाचार
जारी
.