कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग से 500 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान खोलने के हाईकोर्ट के आदेश के बाद देवी रोड पर खुल रही शराब की दुकान के विरोध में क्षेत्र के विभिन्न संगठनों और ग्रामीणों ने आबकारी निरीक्षक का घेराव किया। उन्होंने तहसील में प्रदर्शन किया और शराब की दुकान देवी रोड पर नहीं खोले जाने का मांग पत्र उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजा।
मंगलवार को देवी रोड के लोग तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने देवी रोड पर शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में नारेबाजी की। इस अवसर पर वक्ताओं ने शासन पर राजस्व प्राप्ति और कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए आबादी के बीच शराब को बढ़ावा दिए जाने का आरोप लगाया। कहा कि देवी रोड शहर और भाबर क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों की आबादी की आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग है। पदम सिंह बिल्डिंग के पास खुल रही शराब की दुकान के नजदीक कई कालोनियां, ग्रामीण क्षेत्र, देवी मंदिर, बैंक व शैक्षणिक संस्थान हैं। मार्ग पर महिलाओं, छात्राओं और अन्य लोगों को पैदल आना जाना लगा रहता है। ऐसे में उक्त स्थान पर शराब की दुकान खुलने पर दुर्घटना और माहौल खराब होने की पूरी संभावनाएं हैं। उन्होंने देवी रोड पर दुकान नहीं खोले जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी के लिए एसडीएम राकेश तिवारी को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद लोग नजीबाबाद रोड स्थित आबकारी निरीक्षक के कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और शराब की दुकान देवी रोड पर नहीं खुलवाने की मांग की। साथ ही ऐसा होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सिताबपुर मीनाक्षी रावत, बार एसोसिएशन से दीपेंद्र सिंह दानी, कोटद्वार भाबर लोक मंच के जीतेंद्र चौहान, उपप्रधान संघ दुगड्डा ब्लाक के अध्यक्ष विजय ध्यानी, शंभू प्रसाद खुकशाल, राकेश ध्यानी, संजय रावत, रणजीत सिंह बिष्ट, मुकेश खंतवाल, मंजू जखमोला व गायत्री भट्ट सहित अनेक महिलाएं मौजूद थे।
- फोटो
देवी रोड पर शराब की दुकान का किया विरोध
कोटद्वार। देवी रोड पर शराब की दुकान खोले जाने का विभिन्न संगठनों ने विरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दुकान को अन्यत्र खोले जाने के आदेश दिए जाने मांग की है।
मंगलवार को गढ़वाल सर्वोदय मंडल, देवभूमि उत्तराखंड नशामुक्ति समिति, पेंशनर्स कल्याण समिति, उत्तराखंड ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच के पदाधिकारी तहसील पहुंचे और उन्होंने एसडीएम राकेश तिवारी को जिलाधिकारी के लिए ज्ञापन दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देवी रोड कोटद्वार, निकटवर्ती गांवों और भाबर क्षेत्र का मुख्य मार्ग है। सड़क से महिलाओं, छात्राओं और शरीफ लोगों का गुजरना मुश्किल हो जाएगा।