कोटद्वार। जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के एक स्टील प्लांट में मंगलवार शाम हुए विस्फोट के बाद दो दिन पहले की घटना भी सामने आई है। इस मामले के दो घायल श्रमिकों ने कलालघाटी चौकी पुलिस में तहरीर देते हुए फैक्ट्री प्रबंधन से मेडिक्लेम और पूर्ण रुप से स्वस्थ होने तक नियमित पारिश्रमिक के भुगतान की मांग की है।
घायल श्रमिक धर्मेंद्र कुमार पुत्र योगेंद्र भुईया निवासी जिला पलामू झारखंड और सिक्किम के गंगटोक निवासी पूरण क्षेत्री पुत्र ज्ञान बहादुर ने कहा कि वे दो जनवरी को फैक्ट्री में काम पर लगे थे। इसी फैक्ट्री में 6 जनवरी को भट्टी में स्क्रैप डालते समय विस्फोट हो गया था, जिसमें वे दोनों झुलस गए थे। तब फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें उपचार के लिए यूपी के बिजनौर जिले के एक निजी क्लीनिक में भेजा था। घायल होने के बाद कंपनी प्रबंधन ने उनका हालचाल तक नहीं जाना। अब उन्हें रोजी रोटी के लाले पड़ गए हैं। ब्यूरो