कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम के रविवार को 98 पोलिंग बूथों पर हुए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपट गए। इसी के साथ मेयर पद के नौ और 40 वार्डों के लिए 257 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया। मतदान समाप्त होने के साथ ही अब जीत-हार के कयास लगने शुरू हो गए हैं। मेयर पद के प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने हर बूथ से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। देर शाम को मेयर और वार्ड पद के प्रत्याशियों के चुनाव दफ्तर और आवास पर उनके समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। पांच बजे तक 52 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसके रात तक 65 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान हैं।
कोटद्वार नगर निगम का क्षेत्र कमोवेश पूरी विधानसभा क्षेत्र का है। कालागढ़ के करीब चार हजार वोटरों को छोड़ दिया जाय तो शेष कोटद्वार नगर निगम का पूरा क्षेत्र कोटद्वार विधानसभा का हिस्सा है। यहां के मेयर का प्रभाव कोटद्वार के विधायक से कम नहीं रहेगा। यही वजह रही कि रविवार को हुए चुनाव के लिए मेयर पद पर कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी। रविवार को कांग्रेस प्रत्याशी हेमलता और उनके पति पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा प्रत्याशी नीतू रावत और उनके पति लैंसडौन के विधायक दलीप रावत, भाजपा से बागी हुए धीरेंद्र चौहान और उनकी पत्नी निर्दलीय प्रत्याशी विभा चौहान, शशि नैनवाल, सुधा सती और बसपा प्रत्याशी शोभा बहुगुणा भंडारी पूरे दिन बूथों पर घूमकर मतदान का जायजा लेते रहे।
डबल बैलेट पेपर होने के कारण धीमी गति से चले मतदान के कारण कई बूथों पर रात को नौ बजे तक वोटिंग चलती रही। सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग में 75 प्रतिशत मतदान हुआ। इस क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार तोमर ने बताया कि उनके 35 बूथों में से 20 पर आठ बजे तक वोटिंग चली। दूसरे जोनल मजिस्ट्रेट जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एलसी रमोला ने बताया कि उनके 24 बूथों में से अधिकतर पर रात साढ़े आठ बजे तक लाइन लगी रही।
.
.
एसएसपी पौड़ी जगतराम जोशी कोटद्वार में ही डटे रहे
कोटद्वार। गत विधानसभा चुनावों में हुए विवादों के दृष्टिगत कोटद्वार में पहली बार हो रहे नगर निगम के चुनाव पर पुलिस और प्रशासन पैनी निगाह बनाए रहा। पौड़ी के एसएसपी जगतराम जोशी खुद कोटद्वार में डटे रहे। उन्होंने शहर के कई संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसएसपी ने पौड़ी से कोटद्वार आते समय सतपुली में भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कोटद्वार नगर निगम के रिटर्निंग आफिसर एडीएम पौड़ी रामजीशरण शर्मा भी खुद पुलिस फोर्स के साथ मतदान केंद्रों में व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उन्होंने मतदान की धीमी गति को स्वीकारा। कहा कि डबल बैलेट पेपर प्रक्रिया में समय लगता है।
जारी
चंद्रमोहन शुक्ला