कोटद्वार। ऊर्जा निगम की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते द्वारीखाल ब्लाक के डाडामंडी कस्बे के लोग सिर के ऊपर दौड़ते करंट के साये में जीने को मजबूर हैं। वर्षों से डाडामंडी बाजार में आवासीय भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को बदलने के लिए लोग पिछले आठ साल से विभाग और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर कार्य नहीं हो रहा है।
द्वारीखाल ब्लाक का डाडामंडी बाजार दर्जनों ग्राम पंचायतों का केंद्र बिंदु है। यहां पर पूर्व से ऊर्जा निगम ने लोगों की बिना इजाजत के उनके खेतों के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन डाली हुई है। पहले आबादी नहीं होने के कारण खाली खेतों से लाइन गुजर रही थी, तब किसी को परेशानी नहीं थी। लोग अपनी जमीन से हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय नागरिक प्रदीप चौधरी, हरेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह नेगी, रणवीर सिंह, महेंद्र सिंह ने ऊर्जा निगम पर लोगों का जीवन खतरे में डालने का आरोप लगाया। उधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता रघुराज सिंह ने बताया कि डाडामंडी में लाइन शिफ्टिंग का मामला उनकी संज्ञान में है। विधायक निधि से बजट नहीं आने के कारण लाइन शिफ्टिंग का कार्य रुका हुआ है। विधायक निधि से पैसा आने पर लाइन को शिफ्ट कर दिया जाएगा।