यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक की क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक में बिजली, पानी, सड़क, खाद्यान और पेंशन के मामले छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने उनकी शिकायतों का समाधान नहीं करने पर अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। कई विभाग के अधिकारियों के बैठक में नहीं पहुंचने पर ब्लाक प्रमुख के निर्देेश पर अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पारित किया गया।
सोमवार को यमकेश्वर ब्लाक के सभागार में ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में ग्राम प्रधान बघाला चंदन सिंह ने वर्ष 2014 और 2018 की आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों, स्कूल भवनों और पेयजल लाइनों की अभी तक मरम्मत नहीं होने पर अधिकारियों पर नाराजगी जताई। ग्राम प्रधान रणचूला किशन सिंह ने बाल विकास विभाग द्वारा गौरा देवी कन्या धन योजना के आवेदन प्रपत्रों को पौड़ी से वापस भेजे जाने का मामला उठाया। ग्राम प्रधान सिंदूणी अरुण कुमार ने राष्ट्रीय खाद्यान योजना के अंतर्गत छूटे हुए नामों का मामला उठाया। ग्राम प्रधान गुंडी राजपाल सिंह ने क्षेत्र में चार माह से राशन नहीं मिलने और राशन को तोलकर नहीं देने की शिकायत की। ग्राम प्रधान सरा बलबीर सिंह और क्षेत्र पंचायत सदस्य सरा गुलाब सिंह ने ग्राम सरा में वर्ष 2014 की आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को अभी तक ठीक नहीं करने पर अधिकारी को आड़े हाथों लिया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पोखरी गौमती देवी ने पांच वर्ष से कीम गधेरा पेयजल योजना का कार्य पूरा नहीं होने पर अधिकारी से जवाब तलब किए। ग्राम प्रधान ढुंगाधार जगदीश प्रसाद ने परिंदा पंपिंग योजना एक पांच दिन से ठप होने की शिकायत की। ग्राम प्रधान देवराना मुकेश देवरानी ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत करने की मांग की। ग्राम प्रधान तोली रविंद्र सिंह ने कांवड़ मेला के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था करने की मांग की। ग्राम प्रधान उड्डा राजेश सिंह ने नौगांव-जौग्याणा पेयजल लाइन के पुनर्गठन करने की मांग की। ग्राम प्रधान बघाला चंदन सिंह ने चौपड़ा मल्ला में पानी की समस्या को उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य तोली धन सिंह राणा ने पुंडरासू पंपिंग योजना के टैंक की सफाई नहीं होने की शिकायत की। ग्राम प्रधान ढुंगाधार जगदीश प्रसाद ने उज्जवला गैस योजना के अंतर्गत लोगों को गैस कनेक्शन नहीं मिलने का मामला उठाया।
बैठक में ज्येष्ठ ब्लाक उपप्रमुख विनोद डबराल, खंड विकास अधिकारी अपर्णा बहुगुणा, परियोजना निदेशक पौड़ी सुनील कुमार, तहसीलदार यमकेश्वर सुरेश चंद्र डबराल व एडीओ पंचायत रणवीर सिंह कठैत आदि उपस्थित थे।
-फोटो