कोटद्वार। उत्तराखंड एसोसिएशन ऑफ यूएई के तत्वावधान में उत्तराखंड प्रवासियों के लिए आयोजित होटलियर्स गेट टुगेदर कार्यक्रम में राज्य की विलुप्त होती संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण पर जोर दिया गया। इस मौके पर उत्तराखंड में आने वाली दैवीय विभिषिकाओं से प्रभावित होने वाले परिवारों की हरसंभव मदद करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर उत्तराखंड के लोकगीत और संगीत पर दर्शक जमकर झूमे।
दुबई स्थित भारतीय दूतावास सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हंस कल्चरल सेंटर के उत्तराखंड प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट, भारतीय दूतावास के उप कांसलेट संजीव गुप्ता, समाजसेवी चांद मौला बख्श और शेख मो. बस्तकी ने संयुक्त रूप से किया। हंस फाउंडेशन के प्रभारी पदमेंद्र सिंह बिष्ट ने फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला का संदेश सभी उत्तराखंडवासियों को सुनाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड छोड़कर रोजगार की तलाश में आए लोगों को अपनी जड़ों को नहीं भूलना चाहिए और प्रदेश की खुशहाली के लिए किसी न किसी रूप में अपनी भागीदारी अवश्य देनी चाहिए। इस मौके पर भारतीय दूतावास के उप कांसलेट संजीव गुप्ता ने माता मंगला और भोले महाराज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम में लोकगायिका खुशी जोशी, गोविंद डिगारी, प्रमिला चमोली, गरिमा सुंद्रियाल, अनिल गैरोला आदि ने उत्तराखंडी लोकगीत और संगीत पर अपनी प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमुदाय को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में शैलेंद्र नेगी, दीपक कुलवे, मन्नू रावत व राजेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।
-फोटो