कोटद्वार। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुभाष जोशी ने कहा कि वैचारिक अधिष्ठान के चलते प्रवीण भाई तोगड़िया के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद का गठन किया गया है, जिन उद्देश्यों के लिए देश की जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर नरेंद्र मोदी को देश की बागडोर सौंपी थी भाजपा उन पर खरा नहीं उतर पा रही है। केंद्र सरकार को जगाने का अब अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने बीड़ा उठाया है।
बुधवार को कोटद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुभाष जोशी ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा को 22 राज्यों में सरकार बनाई है, लेकिन भाजपा अपने उद्देश्यों से भटक गई है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370, 35 सी हटाने, कश्मीर से पलायन कर चुके हिंदू परिवारों के विस्थापन, पूरे देश में एक समान कानून व्यवस्था, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और देश से बंगला देशियों को बाहर करने की कार्रवाई अब नहीं हो पाई, तो फिर कभी नहीं हो सकेगी। मोदी सरकार की बुद्धिशुद्धि के लिए परिषद 13 अगस्त को देश के शिवमंदिरों में जलाभिषेक करेगी। इसके बाद 20 अगस्त से पूरे देशभर में 20 करोड़ लोगों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। सरकार के नहीं चेतने पर अक्तूबर माह में लाखों परिषद कार्यकर्ता लखनऊ से अयोध्या की ओर कूच करेंगे। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की केंद्रीय उपाध्यक्ष सावेत्री चंद, प्रांतीय कोषाध्यक्ष शिशुपाल सिंह नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप डबराल और जिलाध्यक्ष एसएन नौटियाल मौजूद थे।