कोटद्वार। शिवराजपुर गांव में शराब की अवैध बिक्री से आक्रोशित महिलाओं नें कोटद्वार थाने में जमकर हंगामा काटा। महिलाओं ने कोटद्वार पुलिस पर गांव में शराब के कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की, ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को शिवराजपुर गांव की महिलाएं कोटद्वार थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामाने गांव में चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर आक्रोश व्यक्त किया। महिलाओं ने पुलिस पर शिवराजपुर गांव में खुलेआम बिक रही कच्ची शराब पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि कुछ लोग बाहर से कच्ची शराब लाकर गांव में सरेआम बेच रहे हैं, जिसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। शराब के आदी हो चुके लोग शराब खरीदने के लिए अपने घरों के कीमती सामान तक बेच रहे हैं। साथ ही वे लोग नशे की हालत में महिलाओं और अपने बच्चों से मारपीट करते हैं और उनकी मेहनत मजदूरी की कमाई भी छीन लेते हैं। इसके कारण महिलाओं का जीना मुहाल हो गया है। शराबियों का माहौल होने के कारण महिलाएं घर से बाहर निकलने में अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। कई बार पुलिस कर्मियों को गांव में बिक रही शराब की शिकायत किए जाने और अधिकारियों के समक्ष उनकी सुरक्षा की गुहार लगाए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके कारण महिलाओं में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। इस मौके पर ग्रामीण हरीश कुमार, बबली देवी, रतिया देवी, सोनू देेवी, जमुना देवी, सुनीता, राजकुमारी, पिंकी, संगीता, कला देवी, उषा, सीमा व पुष्पा देवी आदि मौजूद थे।
फोटो